वर्ष 2025 में देश के टॉप 10 यूथ चैंपियन में बागपत के अमन, मुंबई में राष्ट्रीय समारोह में होंगे सम्मानित
वर्ष 2025 में देश के टॉप 10 यूथ चैंपियन में बागपत के अमन, मुंबई में राष्ट्रीय समारोह में होंगे सम्मानित
*पीड़ा से उपजी प्रेरणा, समाधान में जुट लाखों युवाओं को शैक्षिक अवसरों से जोड़ा, प्रशासन के संग भी दिया योगदान*
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुए सम्मानित, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी संग किया कार्य*
*गांव की मिट्टी से यूनिसेफ, यूनेस्को, हंड्रेड, माय भारत तक पहुंचे अमन, युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत*
बागपत, 19 दिसंबर 2025। बागपत के अमन कुमार ने बचपन में असमानता और अवसरों की कमी देखी। कभी जिन चुनौतियों से खुद जूझे, उनके विरुद्ध लड़ाई को ही आज अपने जीवन का ध्येय बना चुके है। यही वजह है कि फिर एक बार इस युवा की उपलब्धियों से बागपत का नाम देशभर में रोशन हुआ है।
स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों को जोड़ने के लिए कार्यरत आईवॉलंटियर संस्थान ने बागपत के युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं राज्य युवा पुरस्कार विजेता अमन कुमार को वर्ष 2025 की यूथ चैंपियन श्रेणी में देश के टॉप 10 युवाओं में चुना है जो स्वयंसेवा से राष्ट्रसेवा में जुटे है। इस उपलब्धि के साथ ही अमन को मुंबई स्थित आईरा ऑर्किड में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया है, जहाँ उन्हें आई वॉलंटियर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आई वॉलंटियर पुरस्कार देश का पहला और एकमात्र ऐसा राष्ट्रीय सम्मान है जो विशेष रूप से वॉलंटियर्स यानि स्वयंसेवकों को समर्पित है। हर वर्ष यह पुरस्कार देश के उन चुनिंदा युवाओं को प्रदान किया जाता है, जो नि:स्वार्थ भाव से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में जुटे है। आई वॉलंटियर का मिशन स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर भारत के समावेशी विकास में योगदान देना है। वर्तमान में आई वॉलंटियर नेटवर्क से देशभर में 17 हजार से अधिक स्वयंसेवक और 300 से अधिक प्रमुख सामाजिक संगठन जुड़े हैं।
वहीं इस उपलब्धि पर जिला युवा अधिकारी डॉ. योगेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, शिक्षाविद डॉ. सत्यवीर सिंह तथा माय भारत स्वयंसेवकों में नीतीश भारद्वाज, ऋषभ ढाका, गुलफ्सा राजपूत, अमीर खान, शादाब, खुशी, पूजा सहित अन्य ने उन्हें बधाई दी।
अमन कुमार का चयन इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने बचपन में जिस सामाजिक एवं आर्थिक वंचना को स्वयं जिया, उसी को अपनी ताकत बनाकर समाधान की दिशा में कार्य किया। शैक्षिक अवसरों से वंचित रहने के अनुभव ने उन्हें यह सोचने के लिए प्रेरित किया कि कोई भी युवा अपनी परिस्थितियों के कारण पीछे न छूटे।
इसी सोच के साथ अमन ने आईसीटी संसाधनों का प्रयोग कर प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 की शुरुआत की.. एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म जो एक क्लिक पर युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगिताओं और विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराता है। आज यह प्लेटफॉर्म 83 लाख से अधिक युवाओं तक पहुँच बना चुका है। कॉन्टेस्ट 360 ने सूचना को विशेषाधिकार नहीं बल्कि सामान्य अधिकार के रूप में स्थापित किया। जहाँ पहले अवसरों की जानकारी केवल कुछ लोगों तक सीमित रहती थी, वहीं इस प्लेटफॉर्म ने दूरदराज़ के ग्रामीण युवाओं को भी बराबरी का मौका दिया।
इस सामाजिक प्रभाव को देखते हुए बागपत प्रशासन ने अमन को ई-गवर्नेंस से जुड़े प्रोजेक्ट्स में योगदान के लिए आमंत्रित किया। प्रशासन के साथ मिलकर अमन ने कांवड़ यात्रा ऐप, स्वीप बागपत ऐप, सूचना सेतु ऐप और बागपत फॉर एनिमल्स जैसे नवाचारों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन प्रयासों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को आमजन तक सरल और पारदर्शी ढंग से पहुंचाना संभव हुआ।
इस बीच अमन के कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पहचान मिली। माय भारत से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब का गठन कर उन्होंने स्वयंसेवी गतिविधियों को संगठित रूप दिया। यह देश का पहला यूथ क्लब बना, जिसने डिजिटल अभियानों के माध्यम से जन-जागरूकता को व्यापक स्तर पर पहुँचाया। लेटर टू रिवर, डियर मदर नेचर और बिलीव इन यूथ जैसे अभियानों को इंटरनेट मीडिया पर व्यापक सराहना मिली।
राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ नीति निर्माण में योगदान दिया तो वहीं स्थानीय प्रशासन के साथ अपनी विशेषज्ञता और अनुभव साझा किए। यूनिसेफ इंडिया यूथ चैंपियन, माय भारत मेंटोर, यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्युनिटी सदस्य, माय गवर्नमेंट यूथ एंबेसडर, हंड्रेड ग्लोबल एडवाइजर, सत्यार्थी यूथ नेटवर्क कैंपेन लीड बने। अपने अनुभवों के आधार पर अमन ने बागपत प्रशासन के कई सामाजिक और युवा-केंद्रित कार्यक्रमों को आकार देने में भी योगदान दिया और जिलाधिकारी अस्मिता लाल के मार्गदर्शन में जनपद के युवाओं को समाजिक गतिविधियों से जोड़ रहे है।
उनके योगदान के लिए इस वर्ष उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को प्रदान किए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान स्वामी विवेकानन्द राज्य युवा पुरस्कार से अमन कुमार को विभूषित किया जो जनपद के इतिहास का प्रथम युवा पुरस्कार है। वहीं नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी द्वारा विश्वभर से चयनित 25 यूथ चैंपियन में भी वह शामिल रहे। अमन कुमार ने कहा कि यह सम्मान वह जनपद बागपत एवं प्रदेश के उन सभी युवाओं को समर्पित करेंगे जो अपने नागरिक कर्तव्यों का निष्ठा से निर्वहन कर स्वयंसेवा से राष्ट्रसेवा में जुटे हैं।



Comments
Post a Comment